कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में आखिरकार इंतजार की घड़ियां समाप्त हो गई हैं। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के मंत्रिमंडल के विभागों का आधिकारिक रूप से बंटवारा कर दिया है। इस नई व्यवस्था के तहत मुख्यमंत्री समेत कुल 41 मंत्रियों के बीच जिम्मेदारियों का विभाजन किया गया है। जारी की गई आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, डॉ. अजय कुमार पोद्दार को कैबिनेट मंत्री के रूप में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (Department of Public Health Engineering) और लोक निर्माण विभाग (Public Works Department) जैसी बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वहीं, खुद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गृह और पर्वतीय मामले, भूमि और भूमि सुधार, बिजली तथा सूचना एवं संस्कृति मामलों जैसे प्रमुख विभाग अपने पास रखे हैं। मंत्रिमंडल के अन्य प्रमुख चेहरों की बात करें तो पूर्ण मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले दीपक बर्मन को स्कूल शिक्षा विभाग, आवास विभाग और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग तथा कपड़ा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
राज्य के नए वित्त मंत्री के रूप में स्वपन दासगुप्ता को नियुक्त किया गया है, जबकि डॉ. शरदवत मुखर्जी को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। निशीथ प्रामाणिक के विभागों में कुछ बदलाव देखने को मिला है, उन्हें उत्तर बंगाल विकास विभाग के साथ-साथ जल संसाधन जांच एवं विकास विभाग का प्रभार दिया गया है। युवा और खेल मामलों के साथ उपभोक्ता मामलों के विभाग की कमान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में डॉ. इंद्रनील खान को सौंपी गई है। इनके अलावा, कैबिनेट मंत्रियों में दिलीप घोष को पंचायत और ग्रामीण विकास तथा कृषि विपणन विभाग दिया गया है। अग्निमित्रा पॉल को शहरी विकास और नगरपालिका मामले तथा अर्जुन सिंह को श्रम और परिवहन विभाग की जिम्मेदारी मिली है। डॉ. शंकर घोष को संसदीय कार्य और पर्यटन विभाग का प्रभार सौंपा गया है। सरकार के इस कदम से राज्य के प्रशासनिक कार्यों में अब तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।



0 Comments