PM नरेंद्र मोदी के ऐतिहासिक रिकॉर्ड पर पांडेश्वर के पंच पांडव मंदिर में MLA जितेंद्र तिवारी ने की विशेष पूजा, दीर्घायु की कामना

पाण्डेश्वर :- पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रसिद्ध पंच पांडव मंदिर में देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नाम एक विशेष पूजा-अर्चना और प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। यह विशेष आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के सर्वाधिक समय (4399 दिन) तक प्रधानमंत्री के रूप में दायित्व संभालने के ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाने के उपलक्ष्य में किया गया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक जितेंद्र तिवारी बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की और प्रधानमंत्री के सुस्वास्थ्य, दीर्घायु तथा देश सेवा की निरंतरता के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।



इस अवसर पर भाजपा विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक प्रधान सेवक के रूप में देश का नेतृत्व करने का एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह हर देशवासी और भाजपा कार्यकर्ता के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल और मजबूत नेतृत्व में भारत ने वैश्विक पटल पर एक नई पहचान बनाई है और विकास के नए आयामों को छुआ है। उनकी नीतियां समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। विधायक जितेंद्र तिवारी ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में भी प्रधानमंत्री इसी ऊर्जा के साथ देश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाते रहेंगे। उन्होंने बाबा पंच पांडव से प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री मोदी को लंबी उम्र और उत्तम स्वास्थ्य मिले, ताकि वे अविरल रूप से मां भारती की सेवा करते रहें और भारत को विश्व गुरु बनाने के सपने को साकार कर सकें। इस दौरान मंदिर परिसर में मोदी सरकार के समर्थन में जमकर नारेबाजी भी हुई।

Post a Comment

0 Comments