रानीगंज से चुनावी हिंसा के मामले में TMC के 2 युवा नेता गिरफ्तार

रानीगंज :- वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा के मामले में आरोपी तृणमूल कांग्रेस नेताओं पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। इसी कड़ी में रानीगंज थाने की पुलिस ने तृणमूल युवा कांग्रेस के रानीगंज टाउन कमेटी के अध्यक्ष शुभो भट्टाचार्य और तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद (टीएमसीपी) के नेता तितास बनर्जी को गिरफ्तार किया है। बुधवार को पुलिस ने इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और गुरुवार को उन्हें आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया।

सूत्रों के अनुसार, भाजपा के रानीगंज मंडल-1 के कार्यकर्ता कौशिक मुखर्जी ने रानीगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शुभो भट्टाचार्य और तितास बनर्जी समेत अन्य आरोपियों ने साल 2021 के विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद रानीगंज थाने के सामने ही उन पर और अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं पर जानलेवा हमला किया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि पिछले काफी समय से ये दोनों आरोपी उन्हें डरा-धमका रहे थे और शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। पीड़ित को लगातार गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां मिल रही थीं।

पहले भी इस मामले को लेकर पुलिस में शिकायत की गई थी, लेकिन राज्य में तृणमूल कांग्रेस की सरकार होने की वजह से दोनों रसूखदार आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब राज्य में सत्ता परिवर्तन होने और भाजपा की नई सरकार बनने के बाद पुलिस अचानक सक्रिय हुई है, जिसके बाद यह गिरफ्तारी संभव हो सकी। सूत्रों का कहना है कि चुनाव बाद हुई हिंसा के मामले में तृणमूल कांग्रेस के कई और बड़े नेता भी पुलिस की रडार पर हैं और उनकी गिरफ्तारी कभी भी हो सकती है। कार्रवाई के डर से कई नेता पहले ही भूमिगत हो चुके हैं।

Post a Comment

0 Comments