दुर्गापुर :- औद्योगिक नगरी दुर्गापुर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के दो रसूखदार श्रमिक नेताओं को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शेख रमजान और कार्तिक रजक उर्फ पीयू के रूप में हुई है, जो दुर्गापुर की एक जानी-मानी निजी फैक्ट्री 'ग्रेफाइट इंडिया' में लंबे समय से सक्रिय टीएमसी श्रमिक नेता के तौर पर जाने जाते हैं। इन दोनों नेताओं पर इलाके में नौकरी दिलाने के नाम पर जबरन वसूली (तोलाबाजी) करने, डराने-धमकाने और स्थानीय श्रमिकों के बीच आतंक का माहौल पैदा करने सहित कई गंभीर आरोप लगे हैं। शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए कोक ओवन थाने की पुलिस ने दोनों के खिलाफ विभिन्न गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया है।
शुक्रवार को पुलिस दोनों आरोपियों को कोक ओवन थाने से दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश करने के लिए ले गई। इस दौरान अदालत परिसर और थाने के बाहर भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक जुट गए। जैसे ही पुलिस की गाड़ी आरोपियों को लेकर पहुंची, वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने तृणमूल श्रमिक नेताओं को देखते ही जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और 'चोर-चोर' के नारे लगाने लगे। इस घटना को लेकर इलाके के राजनीतिक गलियारों में भारी सरगर्मी तेज हो गई है, वहीं पुलिस इस पूरे जबरन वसूली और डराने-धमकाने के नेटवर्क की गहन जांच में जुट गई है।



0 Comments