पूर्व TMC विधायक शौकत मोल्ला के घर NIA का छापा, बेटे से पूछताछ जारी

कोलकाता :- राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने गुरुवार को दक्षिण 24 परगना के कैनिंग अंतर्गत जीवनतला स्थित पूर्व TMC विधायक शौकत मोल्ला के आवास पर छापेमारी की। जांच अधिकारियों ने उनके घर और पास के पार्टी कार्यालय में तलाशी अभियान शुरू किया। हालांकि, शुरुआती जानकारी के अनुसार शौकत मोल्ला घर पर मौजूद नहीं थे। एनआईए की टीम उनके बेटे इमरान मोल्ला, पत्नी और बेटी से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों ने मखली में इमरान के एक कैफे की भी तलाशी ली।


सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई भंगड़ के दक्षिण बामुनिया इलाके में हुए बम विस्फोट मामले की जांच के सिलसिले में की गई है। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हुए इस विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे। आईएसएफ (ISF) नेता नौशाद सिद्दीकी ने इस मामले में एनआईए जांच की मांग की थी, जिसके बाद केंद्रीय एजेंसी ने इसकी कमान संभाली। इस केस में टीएमसी नेता वाहिदुल इस्लाम समेत कई लोग पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। गौरतलब है कि शौकत मोल्ला कैनिंग पूर्व से दो बार विधायक रहे हैं, लेकिन 2026 के चुनाव में उन्हें भंगड़ सीट से नौशाद सिद्दीकी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

Post a Comment

0 Comments