कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में मई में हुए राजनीतिक सत्ता परिवर्तन का असर अब सीधे राज्य प्रशासन के मुख्यालय 'नबान्न' में दिखाई देने लगा है। ममता बनर्जी के लगभग 15 वर्षों के शासनकाल के दौरान भवन के शीर्ष पर लगी नीले रंग की नेमप्लेट (मुख्य पट्टिका) को अब बदल दिया गया है। सोमवार को नीले रंग के स्थान पर नए भगवा रंग की नेमप्लेट दिखाई दी। राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद से ही विभिन्न स्तरों पर ममता सरकार के दौर के नीले और सफेद रंग के प्रतीक चिन्हों को हटाने की चर्चाएं तेज थीं। नई सरकार के गठन के ढाई महीने बाद यह बड़ा बदलाव देखने को मिला है।
इससे पहले नबान्न को रात में भगवा लाइटों से रोशन किया गया था, और अब कर्मचारियों की मौजूदगी में नीले रंग की पट्टी हटाकर नया भगवा बोर्ड लगा दिया गया है। तृणमूल शासन के दौरान पूरे राज्य के सरकारी दफ्तरों, फ्लाईओवरों, पुलिस थानों और स्ट्रीट लाइटों को नीले-सफेद रंग में रंगा गया था। अब इस बदलाव के बाद यह सवाल उठ रहा है कि क्या पूरी विशाल नबान्न इमारत का रंग भी बदलकर जल्द ही भगवा कर दिया जाएगा? हालांकि, सरकार ने पूरी इमारत के रंगरोगन पर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि चरणबद्ध तरीके से पूरे भवन का रंग बदला जा सकता है।


0 Comments