कोलकाता :- सिक्किम में एनएचपीसी (NHPC) की निर्माणाधीन सुरंग में हुए भीषण हादसे में जान गंवाने वाले पश्चिम बंगाल के 11 पीड़ित परिवारों के लिए राज्य सरकार ने सहायता राशि प्रदान की है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। साथ ही प्रत्येक मृतक के आश्रित परिजनों को 5-5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि का चेक प्रदान किया और परिवार के एक योग्य सदस्य को सिविक वॉलंटियर की नौकरी देने की घोषणा की है। यह दर्दनाक हादसा हाल ही में 20 जुलाई को सिक्किम के नामची जिले स्थित समरडुंग में 'एनएचपीसी तीस्ता स्टेज-VI हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट' की निर्माणाधीन सुरंग (हेड रेस टनल) में हुआ था। चट्टानों के बीच फंसी जहरीली और ज्वलनशील मीथेन गैस का अचानक विस्फोट हो गया, जिसके बाद सुरंग का एक बड़ा हिस्सा ढह गया।
विस्फोट के कारण सुरंग के अंदर घना धुआं और जहरीली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस भर गई, जिससे काम कर रहे श्रमिक अंदर ही फंस गए और कई लोगों की दम घुटने व मलबे में दबने से मौत हो गई। इस हादसे में जान गंवाने वालों में पश्चिम बंगाल के मजदूर भी शामिल थे। राज्य सरकार ने तुरंत सिक्किम प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर राहत कार्य में सहयोग दिया और अब पीड़ित परिवारों को संबल देने के लिए सहायता राशि एवं नौकरी का प्रावधान किया है।



0 Comments