कोलकाता :- नीट (NEET) प्रश्नपत्र लीक मामले में बीते शुक्रवार को कोलकाता के सियालदह से धर्मतला तक निकाले गए वामपंथी छात्र संगठनों के जुलूस में हुई हिंसा और उपद्रव के मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने रविवार रात छापेमारी कर कड़ेया इलाके से वकार आजम (35) और नादिया से जावेद अख्तर (32) नामक दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की कुल संख्या बढ़कर 16 हो गई है। जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपियों का छात्रों या शिक्षा जगत से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है, बल्कि वे छात्र के वेश में जुलूस में शामिल हुए बाहरी असामाजिक तत्व थे।
आरोप है कि उन्होंने 'कॉकरोच जनता पार्टी' के समर्थन से जुलूस में घुसकर पत्रकारों और पुलिस पर हमला बोला तथा गंभीर अराजकता फैलाई। सोमवार को कोलकाता पुलिस की टीम हिरासत में मौजूद पांच आरोपियों को धर्मतला के डोरिना क्रॉसिंग स्थित घटनास्थल पर लेकर गई, जहां शुक्रवार की घटना का सीन रीक्रिएशन (पुनर्निर्माण) कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों से घटनाक्रम का विस्तृत ब्योरा दर्ज किया। पुलिस को अंदेशा है कि जुलूस के उद्देश्य को नाकाम करने और माहौल बिगाड़ने के लिए सुनियोजित तरीके से इन उपद्रवियों को भीड़ में शामिल किया गया था। फिलहाल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।



0 Comments