दुर्गापुर में NIA की बड़ी कार्रवाई, अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी मामले में आरोपी गिरफ्तार

दुर्गापुर :- दुर्गापुर स्थित न्यू स्टील पार्क (मेनगेट) इलाके में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। डीएसपी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में आई छह सदस्यीय एनआईए टीम ने एक ठिकाने पर अचानक दबिश देकर लगभग एक घंटे तक सघन तलाशी ली। इस दौरान टीम ने लेबर सप्लायर के रूप में काम करने वाले संदिग्ध गुलाम जमा को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर लिया।


जांच में सामने आया है कि आरोपी गुलाम जमा पिछले कुछ वर्षों से यहां अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ किराए के मकान में रह रहा था। वह विदेश में काम दिलाने के नाम पर मजदूरों की आपूर्ति करता था। सूत्रों के अनुसार, आरोपी मलेशिया, सऊदी अरब और म्यांमार जैसे देशों में मजदूरों को भेजने की आड़ में अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी और साइबर फ्रॉड के गिरोह से जुड़ा हुआ था। इतना ही नहीं, वह श्रमिकों के विदेश जाने का रास्ता आसान करने के लिए फर्जी पासपोर्ट भी तैयार करवाता था।


स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी का व्यवहार काफी रहस्यमयी था और वह पड़ोसियों से अधिक मेल-जोल नहीं रखता था। एनआईए की इस अचानक कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। तलाशी के बाद जब टीम आरोपी का चेहरा ढककर उसे अपने वाहन में बैठाकर ले गई, तब जाकर मामले की गंभीरता सामने आई। गिरफ्तारी के बाद उसके परिजनों ने मीडिया से दूरी बना ली है। एनआईए फिलहाल जब्त दस्तावेजों के आधार पर पूरे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।


Post a Comment

0 Comments