आधी रात थाने के सामने आपस भिड़े 2 BJP नेता, पुलिस अधिकारी ने लगाई फटकार तो भागे

पूर्व बर्दवान :- बर्दवान थाना परिसर के बाहर आधी रात को BJP के दो स्थानीय नेताओं के बीच तीखी बहस का मामला सामने आया है। नया जिलाध्यक्ष चुने जाने के बाद पार्टी के भीतर शुरू हुई अंदरूनी कलह शुक्रवार रात सड़क पर आ गई, जब दो गुटों के नेता एक-दूसरे पर धमकी देने और आरोप-प्रत्यारोप लगाने लगे।

मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत बर्दवान के बेड़ मोड़ इलाके में स्थित दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के मंडल नंबर 4 के भाजपा कार्यालय में हुई तोड़फोड़ से हुई। आरोप है कि विरोधी गुट ने कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की और वहां खड़ी एक बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद दोनों गुटों के प्रतिनिधि शिकायत दर्ज कराने बर्दवान थाने पहुंचे।

थाना परिसर के बाहर मंडल 4 के अध्यक्ष अमितेंदु चंद्र (राजू) और पार्टी के महासचिव मनोज चक्रवर्ती आपस में उलझ पड़े। दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि थाने के मुख्य द्वार पर ही जोर-जोर से बहस और तू-तू-मैं-मैं होने लगी। शोर सुनकर बाहर आए ऑन-ड्यूटी पुलिस अधिकारी ने दोनों नेताओं को जमकर फटकार लगाई। पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह झगड़ा करने की जगह नहीं है, यदि कोई शिकायत है तो उसे लिखित रूप में दें।

पुलिस अधिकारी के कड़े रुख के बाद दोनों नेता अपने समर्थकों के साथ मौके से खिसक गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार्यालय में हुई तोड़फोड़ और झड़प के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि स्थानीय भाजपा नेतृत्व ने इस अंदरूनी गुटबाजी पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।


Post a Comment

0 Comments