मुर्शिदाबाद :- दुर्गा पूजा से ठीक पहले पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मालदा से बिहार हेरोइन तस्करी की साजिश को नाकाम कर दिया और फराक्का से चार तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। फराक्का थाने के आईसी अमित मुखर्जी को सूचना मिली थी कि मालदा के कालियाचक से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बिहार भेजा जा रहा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए न्यू फराक्का मोड़ के पास एक होटल के पास जाल बिछाया। जैसे ही मालदा का एक व्यक्ति बिहार से आए तीन लोगों को ड्रग्स का पैकेट सौंप रहा था, पुलिस ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। तस्करों के पास से 980 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 2.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेख सरफराज अहमद (मालदा) और साकेत कुमार, अंकित कुमार व भवेश कुमार (तीनों बिहार निवासी) के रूप में हुई है। जंगीपुर पुलिस जिले के एडिशनल एसपी सजल कांति बिस्वास ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्हें 10 दिन की पुलिस रिमांड पर लेने का आवेदन किया गया है ताकि गिरोह के मुख्य सरगना का पता लगाया जा सके।

0 Comments