Asansol में ओवरहेड रिजर्वायर का शिलान्यास, 30 हजार आबादी को मिलेगी पेयजल संकट से राहत


आसनसोल :- आसनसोल नगर निगम क्षेत्र के निवासियों को शुद्ध एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। केन्द्र प्रायोजित अमृत 2.0 (AMRUT 2.0) योजना के अंतर्गत नगर निगम के 8 प्रमुख स्थानों पर कुल 9 नए ओवरहेड जल जलाशयों (रिजर्वायर) का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इसी कड़ी में आसनसोल के काखोया काली मंदिर के समीप 1200 घन मीटर क्षमता वाले एक नए ओवरहेड रिजर्वायर के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 2 करोड़ 27 लाख 89 हजार रुपये की लागत आने का अनुमान है। शिलान्यास समारोह में आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेन्दू मुखर्जी और आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर और पट्टिका का अनावरण कर कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक कृष्णेन्दू मुखर्जी ने बताया कि इस नए ओवरहेड रिजर्वायर के चालू हो जाने से क्षेत्र के लगभग 30,000 निवासियों को सीधा लाभ पहुंचेगा। लंबे समय से इलाके में चली आ रही पेयजल की किल्लत पूरी तरह समाप्त हो जाएगी और हर घर तक सुचारू रूप से स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति संभव हो सकेगी। नगर निगम प्रशासन ने इस निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा के भीतर पूरा करने का आश्वासन दिया है।

Post a Comment

0 Comments