आसनसोल (राम बाबू यादव) :- मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जारी राजनीतिक घमासान के बीच आसनसोल जिला कांग्रेस की ओर से सोमवार को कल्याणपुर स्थित जिला शासक (डीएम) कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के पश्चात कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला शासक को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेश चक्रवर्ती के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध कार्यक्रम में शोभित मुखर्जी, गौरव मुखर्जी, एस.एम. मुस्तफा, एमडी शाकिर, शशि दुबे और श्रीलता बनर्जी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारी नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनकी तत्काल गिरफ्तारी और पद से बर्खास्तगी की मांग की। हालांकि, इस विषय पर चुनाव आयोग का कहना है कि SIR प्रक्रिया से जुड़े सभी महत्वपूर्ण निर्णय आयोग के तीनों सदस्यों की सहमति से लिए गए हैं।
देवेश चक्रवर्ती ने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया के चलते बड़ी संख्या में नागरिकों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण, गरीब और कम पढ़े-लिखे लोगों के लिए इस जटिल प्रक्रिया के तहत दावा या आपत्ति दर्ज कराना बेहद कठिन साबित हो रहा है। आगामी आसनसोल और दुर्गापुर नगर निगम चुनावों का हवाला देते हुए कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि इन दोनों क्षेत्रों की मतदाता सूची से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए और सभी पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल किए जाएं।
ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उन्होंने अपनी मांगों को जिला प्रशासन के समक्ष स्पष्ट रूप से रख दिया है। पार्टी ने मांग की है कि नाम जोड़ने और हटाने की पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जाए ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।



0 Comments