आसनसोल :- आसनसोल में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर अचानक धंसान होने से दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। दरअसल नेशनल हाईवे पर भाषण होने से लगभग डेढ़ फीट गहरा गड्ढा बन गया है। ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से वहां पर छोटे-बड़े तमाम वाहनों को बेहद सावधानी से यातायात करना पड़ रहा है। वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों में हड़कंप मच गया। यह दुर्घटना सालानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एथोड़ा पुल के समीप, कोलकाता जाने वाली लेन पर घटित हुई।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की देर रात अचानक सड़क का एक बड़ा हिस्सा नीचे की ओर धंस गया। इसके चलते सड़क के बीचों-बीच लगभग 1 से 1.5 फीट गहरा गड्ढा बन गया। चूंकि यह राष्ट्रीय राजमार्ग बेहद व्यस्त मार्गों में गिना जाता है और रात के समय भी यहां भारी वाहनों का आवागमन जारी रहता है, ऐसे में अचानक हुए इस गड्ढे से कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
अचानक सड़क धंसने की खबर मिलते ही इलाके के लोग और नियमित रूप से इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालक चिंतित हो उठे हैं। राहगीरों का कहना है कि यह मार्ग चौबीसों घंटे चालू रहता है और तेज रफ्तार में आ रहे वाहनों, विशेषकर दोपहिया और भारी वाहनों के लिए यह गड्ढा किसी जानलेवा जाल से कम नहीं है। स्थानीय लोगों और चालकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और संबंधित प्रशासन से मांग की है कि इस क्षेत्र में तुरंत मरम्मत कार्य कराया जाए और सुरक्षा निगरानी बढ़ाई जाए ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों और एनएचएआई की टीम ने मौके का मुआयना किया। किसी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए एहतियातन धंसे हुए हिस्से के चारों ओर तुरंत बैरिकेडिंग कर दी गई है और चेतावनी संकेतक लगा दिए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि सड़क धंसने के कारणों का पता लगाया जा रहा है और जल्द ही तकनीकी टीम द्वारा मरम्मत कार्य पूरा कर लिया जाएगा। फिलहाल सुरक्षा घेरा बनाकर यातायात को सुरक्षित रूप से निकाला जा रहा है और इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सामान्य बनी हुई है।



0 Comments