Asansol में डैम में डूबने से इंजीनियरिंग छात्र की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

आसनसोल :- आसनसोल के बाराबनी ब्लॉक अंतर्गत काशकुली स्थित मंदिरा डैम में डूबे एक कॉलेज छात्र का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया। इस दर्दनाक हादसे से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक छात्र की पहचान सुप्रियो चक्रवर्ती (20) के रूप में हुई है, जो दुर्गापुर के एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था।

मिली जानकारी के अनुसार, सुप्रियो रविवार दोपहर लगभग तीन बजे अपने छह सहपाठियों के साथ काशकुली के मंझरा डैम घूमने आया था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि स्थानीय लोगों ने खतरे को देखते हुए छात्रों को डैम के गहरे पानी में न उतरने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद छात्र पानी में उतर गए। इसी दौरान सुप्रियो अचानक संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में समा गया।


रविवार शाम को अंधेरा गहरा जाने के कारण तलाश अभियान रोक देना पड़ा था। सोमवार सुबह पुलिस, सिविल डिफेंस और विशेषज्ञ गोताखोरों की टीम ने संयुक्त रूप से व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने शव को पानी से बाहर निकाला। सूत्रों के मुताबिक, सुप्रियो अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसके पिता दिव्येंदु चक्रवर्ती आसनसोल के जाने-माने व्यवसायी हैं और मां कुल्टी स्थित एक विद्यालय में शिक्षिका हैं। इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

Post a Comment

0 Comments