आसनसोल :- बारुईपुर कोर्ट में एक अधिवक्ता पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में सोमवार को आसनसोल कोर्ट के सैकड़ों वकीलों ने काला कोट पहनकर जोरदार प्रदर्शन किया। कोर्ट परिसर के बाहर एकजुट हुए अधिवक्ताओं ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व वरिष्ठ अधिवक्ता सनातन धारा, शेखर कुंडू, राजेश्वर शर्मा और रावीउल इस्लाम समेत कई अधिवक्ताओं ने किया। वकीलों के अनुसार, बारुईपुर कोर्ट में मुवक्किल को जमानत मिलने के बाद पुलिस की मौजूदगी में ही कुछ लोगों ने वकील पर हमला कर दिया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने हमलावरों को रोकने के बजाय उन्हें बचाने का प्रयास किया।
वरिष्ठ अधिवक्ता सनातन धारा ने कहा कि वकीलों की कोई राजनीतिक पहचान नहीं होती, उनका काम केवल मुवक्किल को न्याय दिलाना है। कोर्ट परिसर में पुलिस के सामने ऐसी हिंसा होना निंदनीय है, जिससे अधिवक्ताओं में डर का माहौल है। उन्होंने चेतावनी दी कि पूर्व में आसनसोल कोर्ट में भी ऐसी घटना हो चुकी है। अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि मुवक्किलों के हितों को देखते हुए फिलहाल 'पेन डाउन' (काम बंद) हड़ताल नहीं की जा रही है। हालांकि, पुलिस-प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी गई है कि यदि दोषियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे अपने आंदोलन को और उग्र करने के लिए बाध्य होंगे। वरिष्ठ वकील राजेश्वर शर्मा ने कहा कि वकीलों को पूरी सुरक्षा मिलनी चाहिए। सभी वकीलों ने एकजुट होकर सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग पर आवाज उठाई है।



0 Comments