कोलकाता :- बंगाल की खाड़ी में उठा गहरा दबाव का क्षेत्र बुधवार रात आंध्र प्रदेश और ओडिशा तट से टकराकर स्थल भाग में प्रवेश कर चुका है। थल क्षेत्र में आने के बाद इसकी तीव्रता में लगातार कमी आ रही है। अलिपुर मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार रात यह गहरा दबाव कमजोर होकर एक सामान्य निम्न दबाव के क्षेत्र में बदल गया है और अगले 24 घंटों में यह और अधिक प्रभावहीन हो जाएगा। हालांकि, इसके प्रभाव से शुक्रवार को भी दक्षिण बंगाल के एक बड़े हिस्से में आंधी-तूफान के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। शुक्रवार सुबह से ही कोलकाता और इसके आसपास के इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है और आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। मौसम कार्यालय ने पूर्वानुमान जताया है कि कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, झाड़ग्राम, पूर्व बर्धमान, नदिया और मुर्शिदाबाद में हल्की से मध्यम दर्ज की बारिश हो सकती है। वहीं, राज्य के तीन तटीय जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनमें पूर्व मेदिनीपुर और पश्चिम मेदिनीपुर में भारी बारिश की प्रबल संभावना है, जबकि दक्षिण 24 परगना में भी तेज बौछारें पड़ सकती हैं। इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसके अलावा पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्धमान और बीरभूम में भी भारी बारिश हो सकती है। शनिवार से बारिश में कमी आने की उम्मीद है और इसके बाद किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

0 Comments