दुर्गापुर :- दुर्गापुर के कोकओवन थाना अंतर्गत सगरभांगा कॉलोनी के जी-ब्लॉक मैदान इलाके में सरकारी राशन के चावल और गेहूं की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। स्थानीय बीजेपी कार्यकर्ताओं ने तत्परता दिखाते हुए राशन की अवैध तस्करी को रंगे हाथों पकड़ लिया और दूसरे जिले से आए चार तस्करों को रोक लिया। इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया, जिसके बाद पुलिस को मौके पर दौड़ना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को सगरभांगा कॉलोनी के जी-ब्लॉक मैदान में घर-घर राशन वितरण योजना के तहत खाद्यान्न बांटा जा रहा था। आरोप है कि बीरभूम जिले के जयदेव और इलामबाजार से आए अवैध कारोबारी राशन कार्डधारकों से ऊंची कीमतों पर यह सरकारी चावल-गेहूं खरीदकर साइकिलों और मोटरसाइकिलों के जरिए ले जा रहे थे। इस अवैध कारोबार की भनक लगते ही बीजेपी नेता रूपम लाहा के नेतृत्व में पार्टी समर्थकों ने तस्करों को मौके पर ही घेर लिया और रोक दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोकोवेन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए चार तस्करों सहित राशन डीलर को हिरासत में ले लिया और अवैध रूप से ले जाया जा रहा सरकारी चावल व गेहूं जब्त कर लिया। राशन डीलर का आरोप है कि विरोध करने पर ये तस्कर उन्हें धमकियां देते थे। इस घटना के बाद इलाके में कई तरह के सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि राशन तस्करी में ये कारोबारी दोषी हैं, तो उन राशन उपभोक्ताओं पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है जो मुफ्त या सस्ते दर पर मिलने वाला सरकारी अनाज चंद पैसों के लालच में इन अवांछित तत्वों को बेच देते हैं। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है।



0 Comments