दुर्गापुर :- दुर्गापुर के कांकसा स्थित बहुमंजिला आवासीय परिसर 'तपोबन सिटी' में मूसलाधार बारिश थमने के बाद भी जलभराव की विकराल समस्या बनी हुई है। शनिवार सुबह पूरी सोसाइटी परिसर में घुटनों तक पानी भर जाने से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। परिसर में खड़ी कारें, स्कूटी और बाइक पानी में डूबने से वाहन मालिकों को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। वहीं, इमारतों के बेसमेंट और लिफ्ट शाफ्ट में पानी घुस जाने के कारण लिफ्ट सेवाएं पूरी तरह ठप हो गई हैं, जिससे बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों की मुसीबतें काफी बढ़ गई हैं।
पॉश सोसाइटी की श्रेणी में आने वाले इस परिसर के सैकड़ों परिवार अपने ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासियों में सोसाइटी के लचर ड्रेनेज सिस्टम को लेकर भारी रोष व्याप्त है। निवासी अनूप मित्रा ने नाराजगी जताते हुए कहा कि थोड़ी सी बारिश होते ही पूरा इलाका तालाब में तब्दील हो जाता है और लोगों को दूध-सब्जी जैसे जरूरी सामान के लिए भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। निवासियों का आरोप है कि बिल्डर फ्लैट बेचकर निकल गया है और अब उन्हें इस स्थिति में परिसर के भीतर स्टीमर चलाने जैसा महसूस हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल पंप लगाकर पानी निकालने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की गुहार लगाई है।
दूसरी ओर, मौसम विभाग के अनुसार शनिवार सुबह से बारिश का सिलसिला थम गया है। मौसम केंद्र ने स्पष्ट किया है कि आने वाले पूरे सप्ताह दक्षिण बंगाल और कोलकाता सहित आसपास के जिलों में भारी बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। निम्न दबाव के प्रभाव से समुद्र में अभी भी हलचल बनी हुई है और तटवर्ती इलाकों में 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं। इसके मद्देनजर शनिवार दोपहर तक मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।



0 Comments