दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- दुर्गापुर में सक्रिय एक बड़े साइबर फ्रॉड नेटवर्क का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दुर्गापुर थाना पुलिस ने सिटी सेंटर के 12 नंबर रानी रासमणि इलाके में छापेमारी कर साहेब मंडल नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी मूल रूप से पुरुलिया जिले के नितुरिया इलाके का निवासी है।
पुलिस का दावा है कि आरोपी सीधे तौर पर ओटीपी (OTP) और अन्य गोपनीय जानकारी हासिल कर आम लोगों के बैंक खातों से पैसे उड़ाने वाले इस गिरोह का संचालन कर रहा था। जांच अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से ही कई शिकायतें दर्ज थीं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक लैपटॉप, कई मोबाइल फोन तथा विभिन्न बैंकों की बड़ी संख्या में पासबुक और दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस जब्त लैपटॉप और मोबाइल फोन में मौजूद डेटा, वित्तीय लेन-देन तथा कॉल रिकॉर्ड्स की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ के बाद इस अंतरजिला साइबर क्राइम नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों के नामों का भी खुलासा हो सकता है।



0 Comments