जामुड़िया (राम बाबू यादव) :- पुलिस को जाली लॉटरी के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जामुड़िया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चुरुड़िया इलाके में पुलिस ने अभियान चलाकर फर्जी लॉटरी गिरोह के एक मुख्य आरोपी को धर दबोचा। आरोपी को उस समय दबोचा गया जब वह बाराबनी से बीरभूम की ओर जा रहा था। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान एस. के. समीर के रूप में हुई है, जो बीरभूम जिले के कांकड़तला थाना अंतर्गत बड़रा इलाके का निवासी है। उसके पिता का नाम एस. के. उस्मान है। शुरुआती जांच में पुलिस का अनुमान है कि शेख उस्मान नकली लॉटरी की खेप की तस्करी करने की फिराक में था। लेकिन इससे पहले ही वह पुलिस की गिरफ्त में आ गया। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के तरफ से नकली लॉटरी गिरोह से जुड़े कई सदस्यों को गिरफ्तार किया जा चुका है और बड़ी मात्रा में नकली लॉटरी भी बरामद की जा चुकी है। लेकिन इसके बावजूद भी चोरी छुपे नकली लॉटरी का गोरखधंधा जारी है।
गुप्त सूचना के आधार पर चुरुड़िया आउटपोस्ट की पुलिस ने बड़ाकोला घाट इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से लगभग 15 से 20 लाख रुपये मूल्य के जाली लॉटरी टिकट बरामद किए गए। चुरुड़िया आउटपोस्ट की पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर जामुड़िया थाने आई, जहां कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शुक्रवार को उसे आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस फर्जी लॉटरी नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हुए हैं।


0 Comments