Jamuria में लगातार बारिश के बीच फिर भू-धसान, दहशत में सैकड़ों परिवार

जामुड़िया :- पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच न्यू केंदा कोलियरी अंतर्गत बाउरी पाड़ा स्थित मां मनसा मंदिर के पास गुरुवार तड़के जोरदार आवाज के साथ एक बार फिर भू-धसान की घटना घटी। गुरुवार सुबह लगभग 5 बजे जमीन धंसने और धसान स्थल का दायरा तेजी से बढ़ने के कारण आसपास रह रहे दर्जनों परिवारों में भारी दहशत व्याप्त हो गई है। घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी ईसीएल (ECL) के किसी अधिकारी के मौके पर न पहुंचने से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों के अनुसार, धसान स्थल से हर वक्त गैस रिसने और गड़गड़ाहट जैसी भयावह आवाजें आ रही हैं। धसान के बिल्कुल पास से आम रास्ता और फुटबॉल मैदान गुजरता है, जिससे बच्चों और राहगीरों पर हर समय बड़ी अनहोनी का खतरा मंडरा रहा है।

स्थानीय निवासी रामकृष्ण बाउरी और बाउरी समाज शिक्षा समिति के हरेकृष्ण बाउरी ने ईसीएल प्रबंधन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में दो वर्षों के भीतर यह चौथी भू-धसान की घटना है। प्रबंधन केवल कटीले तार लगाकर अपनी जिम्मेदारी से इतिश्री कर लेता है।

प्रबंधन द्वारा पूर्व में चिह्नित 144 धसान-प्रभावित परिवारों को अब तक स्थायी रूप से पुनर्वासित नहीं किया गया है। यद्यपि कुछ लोगों को ईस्ट केंदा के आवासों में अस्थायी रूप से रखा गया है, लेकिन उन्हें उचित मुआवजा और बुनियादी सुविधाएं नहीं दी गई हैं। आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सभी प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर पुनर्वासित नहीं किया गया, तो ईसीएल प्रबंधन के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments