आसनसोल :- आसनसोल के बर्नपुर स्थित सेल के इस्को स्टील प्लांट (ISP) के ट्रेड यूनियन मान्यता चुनाव में भारतीय मजदूर संघ (BMS) ने ऐतिहासिक और प्रचंड जीत हासिल की है। बीएमएस समर्थित ‘बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ’ ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए चुनाव में भारी बहुमत से विजय प्राप्त की और पूरे प्लांट परिसर को उल्लास के रंग में रंग दिया। इस चुनाव प्रक्रिया में कुल 3514 मतदाताओं में से 3291 कर्मचारियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था, जिनमें से 8 मत अवैध घोषित किए गए। मतगणना के दौरान बीएमएस ने शुरुआत से ही अपनी बढ़त बनाए रखी और कुल डाले गए मतों में से अकेले 2189 वोट हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। वहीं, प्रतिद्वंद्वी यूनियनों में दूसरे स्थान पर रही इंटक (INTUC) को मात्र 781 मतों से ही संतोष करना पड़ा। इसके अलावा सीटू (CITU) को 215 वोट मिले, जबकि एटक (AITUC), हिंद मजदूर सभा (HMS), एआईयूटीयूसी (AIUTUC) और आईएमयू (IMU) समेत अन्य यूनियनों को मिलाकर कुल 98 मत ही प्राप्त हो सके।
चुनाव परिणामों की घोषणा होते ही बीएमएस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला। कर्मचारियों ने एक-दूसरे को भगवा अबीर-गुलाल लगाकर और जय श्री राम के नारे लगाते हुए इस ऐतिहासिक सफलता का जश्न मनाया। जीत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बीएमएस के महासचिव संजीत बनर्जी ने इसे इस्को स्टील प्लांट के श्रमिकों की जीत बताया और इसका पूरा श्रेय कर्मचारियों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों ने अपने साथ हुए अपमान का जवाब मतपेटी के जरिए दिया है और पूर्व में ली गई अपनी शपथ को पूरा करते हुए एकतरफा जनादेश दिया है। संगठन ने इस चुनाव के लिए कानूनी स्तर पर भी काफी लंबा संघर्ष किया था। वहीं, सचिव श्रीकांत साह ने इस जनादेश को एक बड़ी जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में बीएमएस पूरी एकजुटता के साथ श्रमिकों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगा।




0 Comments