20 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथों पकड़ा गया हुगली जिला परिषद का इंजीनियर, ACB ने किया गिरफ्तार

हुगली :- पश्चिम बंगाल पुलिस की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हुगली जिला परिषद के सब-असिस्टेंट इंजीनियर सुमन दास को घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि सुमन दास इलाके में सरकारी विकास कार्यों का ठेका दिलाने और बिल पास कराने के एवज में ठेकेदारों से रिश्वत की मांग करता था। हाल ही में पोलबा के ठेकेदार मुक्तराम घोष ने उसके खिलाफ एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। ठेकेदार के अनुसार, उसने पंचायत योजना के तहत करीब 1 करोड़ रुपये की सड़क का निर्माण कार्य 2025 के अंत में पूरा कर लिया था, लेकिन अमानत राशि (टेंडर डिपॉजिट) के 2 लाख 6 हजार रुपये वापस पाने के लिए इंजीनियर उससे कमीशन मांग रहा था। अभियुक्त को पकड़ने के लिए एसीबी ने जाल बिछाया। योजना के तहत शिकायतकर्ता मंगलवार को रासायनिक रंग लगे 20 हजार रुपये लेकर जिला परिषद कार्यालय स्थित इंजीनियर के कमरे में पहुँचा। जैसे ही सुमन दास ने रिश्वत के पैसे लिए, पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने उसे धर दबोचा। हाथ धुलवाने पर रासायनिक रंग छूटने से रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने लंबी पूछताछ के बाद आरोपी इंजीनियर को गिरफ्तार कर लिया।

Post a Comment

0 Comments