NJP रेलवे स्टेशन पर GRP की बड़ी कार्रवाई, ट्रेन से 35 किलो गांजा बरामद

सिलीगुड़ी :- ट्रेन के जरिए भारी मात्रा में नशीले पदार्थों की तस्करी की एक बड़ी कोशिश को रेल पुलिस ने नाकाम कर दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सिलीगुड़ी जीआरपी के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और एनजेपी जीआरपी की संयुक्त टीम ने न्यू जलपाईगुड़ी (NJP) रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन से करीब 35 किलोग्राम गांजा जब्त किया। हालांकि, पुलिस की मौजूदगी की भनक लगते ही तस्कर मौके से भागने में सफल रहे।

जीआरपी सूत्रों के अनुसार, पुलिस को अगरतला से आने वाली डाउन 'रानी कमलापति एक्सप्रेस' (ट्रेन संख्या 01666) के जरिए गांजे की बड़ी खेप लाए जाने की पुख्ता सूचना मिली थी। जैसे ही ट्रेन एनजेपी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर पहुंची, सादे कपड़ों में तैनात पुलिस टीम ने ट्रेन के स्लीपर क्लास के S2 कोच में तलाशी अभियान शुरू किया। सघन तलाशी के दौरान पुलिस को कोच से लावारिस हालत में दो संदिग्ध बैग मिले। जब बैगों को खोलकर देखा गया, तो उनमें से 14 पैकेटों में भरा कुल 35 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।


कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी तस्कर पुलिस को चकमा देकर स्टेशन से फरार हो गए। इस मामले में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। सिलीगुड़ी जीआरपी एसओजी और एनजेपी जीआरपी ने संयुक्त रूप से मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज और ट्रेन के आरक्षण चार्ट को खंगाल रही है, ताकि गांजा ले जा रहे तस्करों की पहचान की जा सके और इस गिरोह के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

Post a Comment

0 Comments