आसनसोल :- गुरुवार की रात कुल्टी थाना के नियामतपुर फाड़ी की पुलिस ने विशेष लच्छीपुर रेड लाइट एरिया में विशेष अभियान चलाया। पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही कुछ बाइक भी जब्त की गई हैं। दरअसल लच्छीपुर रेड लाइट एरिया में दलालों का आतंक बढ़ गया है और बाहर से आने वाले ग्राहकों को दलालों द्वारा निशाना बनाया जाता हैं। ये दलाल अक्सर बाहर से आने वाले ग्राहकों को अपने चंगुल में फंसाकर लूटपाट करते हैं।
स्थानीय पार्षद जाकिर हुसैन ने कहा कि लच्छीपुर रेड लाइट एरिया में दलालों द्वारा ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी की शिकायतें लंबे समय से मिल रही हैं। रात के समय इस इलाके में कई बाहरी युवक आकर जमा होते हैं, जो रेड लाइट एरिया में आने वाले ग्राहकों का दलाल बनकर उनका सबकुछ लूट लेते है। साथ ही वे दलाल विभिन्न असामाजिक गतिविधियों में भी शामिल हैं।
खासकर पड़ोसी राज्य झारखंड से कोई ग्राहक आता है तो दलालों के चंगुल में फंस जाता है। पार्षद का दावा है कि पूरी योजना और प्रबंधन राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 के किनारे एक निजी होटल से किया जाता है। इससे पहले मामले की जानकारी पुलिस प्रशासन के सभी स्तर पर दी गयी। ऐसे पुलिस ऑपरेशन की जरूरत बहुत पहले से थी। हमें खुशी है कि यह अभियान आज संपन्न हुआ।' स्थानीय लोगों के रूप में, हम मांग करते हैं कि लछीप रेड लाइट एरिया से ऐसे दलालों को जड़ से उखाड़ने के लिए निरंतर पुलिस अभियान की आवश्यकता है। वहीं पुलिस के इस ऑपरेशन से लच्छीपुर रेड लाइट एरिया की यौनकर्मी भी खुश हैं।
यौन कर्मियों ने कहा कि आये दिन दलालों की प्रताड़ना से हमारी रोजी-रोटी को क्षति पहुंच रही है। इसके अलावा रेड लाइट एरिया की की यौन कर्मियों के नाम पर भी कई तरह की अफवाह फैल रही हैं। प्रताड़ना और लूट के डर से ग्राहक यहां आना नहीं चाहते। साथ ही, दलाल यौनकर्मियों को कम पैसे में काम करने के लिए मजबूर करते हैं। अगर इसी तरह लगातार पुलिसिया कार्रवाई होती रहे तो हम दलालों के चंगुल से मुक्त हो जायेंगे।
हालांकि, पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सातों लोग लूट के इरादे से इस इलाके में इकट्ठा हुए थे। पहले से सूचना मिलने पर इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार लोगों को शुक्रवार को आसनसोल कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने इस बात की जांच शुरू कर दी है कि आखिर ये सातों लोग इस रेड लाइट एरिया में क्यों आए थे।

0 Comments