पांडेश्वर :- पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी जितेंद्र तिवारी ने इलाके की सबसे बड़ी समस्या पेयजल संकट को दूर करने के लिए एक महत्वाकांक्षी योजना 'पंच पांडव जल परियोजना' का संकल्प पेश किया है। चुनाव प्रचार के दौरान जनसंपर्क करते हुए जितेंद्र तिवारी ने कहा कि वे क्षेत्र के जिस भी हिस्से में गए, वहां की जनता ने पानी की किल्लत को सबसे गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने निवर्तमान विधायक और तृणमूल प्रत्याशी नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद सत्तारूढ़ दल ने लोगों को बुनियादी सुविधाएं तक मुहैया नहीं कराईं, जिसके कारण आज पांडेश्वर की जनता बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रही है। उन्होंने वादा किया कि चुनाव जीतने के बाद उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता इस पेयजल संकट का स्थाई समाधान करना होगा।
भाजपा प्रत्याशी जितेंद्र तिवारी द्वारा प्रस्तावित 'पंच पांडव जल परियोजना' के तहत अजय नदी को पानी का मुख्य स्रोत बनाया जाएगा, जहाँ से निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उन्नत शोधन और पंपिंग प्रणाली स्थापित की जाएगी। इस योजना का लाभ केंद्रा, बैद्यनाथपुर, नवग्राम, बहुला, छोरा, हरिपुर, और लाउदोहा सहित 12 टाउन जोनों के लगभग 60,000 परिवारों को मिलेगा। योजना के अंतर्गत पांडेश्वर स्थित डालुरबांध में 70 MLD क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP) और विभिन्न अंचलों में 12 ओवरहेड जलाशय (OHR) बनाने का खाका तैयार किया गया है। जितेंद्र तिवारी ने विश्वास दिलाया कि भाजपा सरकार आने पर 'सबका साथ सबका विकास' के मंत्र के साथ हर घर में सीधे नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाएगा, जिससे महिलाओं और बच्चों के जीवन स्तर में सुधार होगा। भाजपा ने इसे महज चुनावी वादा नहीं, बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य और सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बताया है।



0 Comments