रानीगंज में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर IMA ने चलाया जागरूकता अभियान



रानीगंज :- शुक्रवार को विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की रानीगंज शाखा के तरफ से जागरूकता अभियान चलाया गया। आईएमए के बैनर तले रानीगंज के तमाम डॉक्टर व मेडिकल स्टाफ शहर के एनएसबी रोड स्थित नेताजी मूर्ति के पास इकट्ठा हुए। हाथों में बैनर व पोस्टर लिए आईएमए के सदस्यों ने आम लोगों से तंबाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने की अपील करते हुए लोगों को इससे होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर डॉ अरूपानंद पाल, डॉ राजेश गुप्ता, डॉ समीरन दासगुप्ता, डॉ सुवर्णा गांगुली, डॉ एस माजी समेत अन्य कई डॉक्टर उपस्थित थे। 



यहां बता देना जरूरी है कि हर साल विश्व तंबाकू निषेध दिवस को एक खास थीम के साथ मनाया जाता है। तंबाकू निषेध दिवस-2024 की थीम बच्चों को तंबाकू उद्योग के हस्तक्षेप से बचाना है। 



आईएमए की अध्यक्ष डॉ चैताली बासु ने कहा कि तंबाकू खाना सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। तंबाकू छोड़ने और कभी नहीं हाथ लगाने को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए हर साल नो टोबैको डे मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि सिगरेट और तंबाकू के पैकेट पर आपने भी लिखा देखा होगा- तंबाकू स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। इसके बावजूद दुनियाभर में लाखों लोग तंबाकू का सेवन करते हैं। तंबाकू की लत एक चिंता का विषय है। इसके प्रति आम लोगों को खुद जागरूक होना होगा। इसलिए आईएमए के तरफ से यह जागरूकता अभियान चलाया गया ताकि इसके खिलाफ लोगों को जागरूक किया जा सके।

Post a Comment

0 Comments