दूसरे और अंतिम चरण में भारी मतदान, दोपहर 1 बजे तक 61 प्रतिशत से अधिक वोटिंग

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के तहत बुधवार को राज्य की 142 सीटों पर मतदान की प्रक्रिया उत्साहपूर्वक जारी है। भारी सुरक्षा व्यवस्था और छिटपुट घटनाओं के बीच मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने के लिए बड़ी संख्या में घरों से बाहर निकल रहे हैं। चुनाव आयोग द्वारा दोपहर 1:00 बजे तक जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अब तक लगभग 61.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया जा चुका है। मतदान के रुझानों में पूर्व बर्दवान जिला सबसे आगे बना हुआ है, जहाँ अब तक सर्वाधिक 66.80 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसके बाद हुगली जिले में मतदाताओं ने जबरदस्त जोश दिखाते हुए 64.57 प्रतिशत वोटिंग की है। 

अन्य जिलों की स्थिति देखें तो नदिया में 61.41 प्रतिशत, हावड़ा में 60.68 प्रतिशत और उत्तर कोलकाता में 60.18 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं, उत्तर 24 परगना में 59.20 प्रतिशत, दक्षिण 24 परगना में 58.58 प्रतिशत और दक्षिण कोलकाता में 57.73 प्रतिशत मतदाताओं ने अब तक अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। यद्यपि कई स्थानों पर कड़ी धूप के बावजूद मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं, प्रशासन किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी तरह सतर्क है। चुनाव आयोग पल-पल की स्थिति पर नजर रख रहा है ताकि मतदान का अंतिम चरण शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

Post a Comment

0 Comments