कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान में अब महज 2 दिन शेष रह गए हैं। आगामी 23 अप्रैल को होने वाले इस मतदान में राज्य की 152 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। चुनाव को पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने इस बार 'क्विक रिस्पॉन्स टीम' (QRT) को मैदान में उतारने का निर्णय लिया है। रविवार को आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पहले चरण की 152 विधानसभा सीटों के लिए कुल 2,193 क्यूआरटी टीमें तैनात की जाएंगी। यह टीमें किसी भी प्रकार की अशांति या शिकायत की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचेंगी।
आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे अधिक टीमें मुर्शिदाबाद जिले में तैनात रहेंगी, जिनकी संख्या 288 है। इसके बाद पूर्व मेदिनीपुर में 253 और पश्चिम मेदिनीपुर में 248 टीमें मुस्तैद रहेंगी। उत्तर बंगाल और जंगलमहल सहित अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। आंकड़ों के अनुसार बांकुड़ा में 180, बीरभूम में 161, मालदा में 157, पुरुलिया में 139, कूचबिहार में 133 और आसनसोल-दुर्गापुर कमिश्नरेट क्षेत्र में 113 क्यूआरटी टीमें तैनात की जाएंगी, जबकि अन्य जिलों में इनकी संख्या 100 से कम रखी गई है।
सुरक्षा के लिहाज से प्रत्येक क्यूआरटी टीम के पास एक विशेष वाहन होगा, जिसमें राज्य पुलिस के एक एसआई या एएसआई रैंक के अधिकारी के साथ चार से छह केंद्रीय बल के जवान तैनात रहेंगे। आवश्यकतानुसार जवानों की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है। पिछले चुनावों में क्यूआरटी के इस्तेमाल को लेकर उठने वाले सवालों और विपक्ष के आरोपों को ध्यान में रखते हुए आयोग ने इस बार विशेष सावधानी बरती है। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक क्यूआरटी वाहन में कैमरे लगाए गए हैं और टीम को बूथों का मानचित्र भी उपलब्ध कराया गया है ताकि शिकायत मिलते ही वे बिना देरी किए सटीक स्थान पर पहुंच सकें।
तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के बीच इस बार माइक्रो ऑब्जर्वर, केंद्रीय बल और राज्य पुलिस के जवानों को बॉडी कैमरों से लैस किया गया है। इससे आयोग पल-पल की गतिविधियों पर सीधी नजर रख सकेगा। इसके अतिरिक्त, विधानसभा क्षेत्रों में लगे सभी सरकारी सीसीटीवी कैमरों का नियंत्रण भी आयोग ने अपने हाथ में ले लिया है। सेक्टर ऑफिस और कंट्रोल रूम के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखते हुए आयोग ने स्पष्ट किया है कि कहीं भी संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


0 Comments