रानीगंज :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत गुरुवार को पश्चिम बर्दवान जिले की 9 सीटों पर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और उत्साहजनक तरीके से जारी है। चुनाव आयोग द्वारा साझा किए गए ताजा आंकड़ों के अनुसार, दोपहर 3:00 बजे तक जिले में कुल 75.44 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं, जो दोपहर तक और भी सघन हो गईं। अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों की बात करें तो पांडवेश्वर में सबसे अधिक 77.39 प्रतिशत और जामुड़िया में 77.17 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसी तरह रानीगंज में 76.82 प्रतिशत, बाराबनी में 75.91 प्रतिशत और आसनसोल दक्षिण में 75.63 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिले के अन्य क्षेत्रों में भी मतदान की रफ्तार काफी तेज बनी हुई है।
दुर्गापुर पश्चिम में दोपहर 3:00 बजे तक 75.21 प्रतिशत, दुर्गापुर पूर्व में 74.56 प्रतिशत, कुल्टी में 73.74 प्रतिशत और आसनसोल उत्तर में 73.27 प्रतिशत वोटिंग हुई है। निर्वाचन अधिकारियों का कहना है कि मतदान की यह गति दर्शाती है कि जिले में अंतिम प्रतिशत काफी ऊंचा रहने वाला है। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि शाम तक मतदान की प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न कराई जा सके। भारी मतदान को देखते हुए राजनीतिक दलों के बीच भी सरगर्मी तेज हो गई है।



0 Comments