कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनावों के मद्देनजर लागू आदर्श चुनाव आचार संहिता के बीच सुरक्षा एजेंसियों और चुनाव आयोग ने बड़ी कार्रवाई की है। चुनाव आयोग द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक महीने के भीतर राज्य के विभिन्न हिस्सों से लगभग 417 करोड़ रुपये की बेहिसाब नकदी, शराब, ड्रग्स और अन्य कीमती सामान जब्त किए गए हैं। आयोग ने बताया कि 15 मार्च को आचार संहिता लागू होने के बाद से 14 अप्रैल की रात तक कुल 416 करोड़ 93 लाख 68 हजार रुपये की संपत्ति और प्रतिबंधित सामग्री जब्त की जा चुकी है।
राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस विशाल बरामदगी में विभिन्न केंद्रीय और राज्य एजेंसियों ने मिलकर काम किया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी), आयकर विभाग और केंद्रीय सुरक्षा बलों (सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, आरपीएफ) के साथ-साथ राज्य पुलिस के संयुक्त अभियानों में अब तक 197.38 करोड़ रुपये की नकद राशि बरामद की गई है। इसके अतिरिक्त, चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से ले जाई जा रही 78.40 करोड़ रुपये की शराब और 95.75 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ भी जब्त किए गए हैं। सुरक्षा बलों ने 52.16 करोड़ रुपये का सोना और अन्य कीमती धातुएं तथा लगभग 171 करोड़ रुपये का अन्य संदिग्ध सामान भी अपने कब्जे में लिया है।
नकद और नशीले पदार्थों के अलावा, बंगाल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियानों में भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुए हैं। चुनाव आयोग ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि आचार संहिता लागू होने के बाद से अब तक राज्यभर से 327 अवैध हथियार और 539 राउंड कारतूस जब्त किए गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से सबसे चिंताजनक बात यह है कि पुलिस और केंद्रीय बलों ने इस दौरान 1,110 बम और करीब 129 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री भी बरामद की है। गुरुवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक के बाद जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह स्पष्ट किया गया कि शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए निगरानी और सख्त की जाएगी।



0 Comments