दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के मतदान से पहले सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी बीच, दुर्गापुर रेलवे स्टेशन पर रेल पुलिस (जीआरपी) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नकदी बरामद की है। शुक्रवार की रात चलाए गए इस विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से कुल 50 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार निवासी गुड्डू राय और तपन कुमार मित्रा के रूप में हुई है। चुनाव से ठीक पहले इतनी बड़ी रकम मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और कयास लगाए जा रहे हैं कि इस धन का उपयोग चुनाव को प्रभावित करने के लिए किया जाना था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, राज्य में जारी चुनावी हलचल और नाका तलाशी के दौरान रेलवे स्टेशनों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। शुक्रवार रात जब ये दोनों युवक ट्रेन से उतरकर दुर्गापुर स्टेशन पर पहुंचे, तो उनके पास मौजूद एक बड़े बैग को देखकर रेल पुलिस को संदेह हुआ। पुलिस ने जब उन्हें रोककर पूछताछ की, तो उनके बयानों में भारी विसंगतियां पाई गईं। संदेह गहराने पर जब उनके बैग की तलाशी ली गई, तो अधिकारियों की आंखें फटी की फटी रह गईं। बैग के अंदर नोटों के बड़े-बड़े बंडल भरे हुए थे। मौके पर पूछताछ करने पर वे युवक इस धन के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या रसीद पेश नहीं कर सके, जिसके बाद पुलिस ने पूरी राशि जब्त कर उन्हें हिरासत में ले लिया।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि ये युवक बिहार से दुर्गापुर पहुंचे थे और यहां से हावड़ा जाने की योजना बना रहे थे। पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां अब इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही हैं कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई थी और इसे किसे सौंपा जाना था। चूंकि आगामी 23 अप्रैल को बर्दवान पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में मतदान होना है, इसलिए चुनावी गतिविधियों में इस पैसे के इस्तेमाल की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है। शनिवार को दोनों आरोपियों को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इस मामले के तार किसी राजनीतिक दल या किसी बड़े हवाला गिरोह से जुड़े हैं।



0 Comments