आसनसोल :- आसनसोल के सेनरेल रोड स्थित कॉम्प्लेक्स के निवासी देवदीप चटर्जी की मौत को लेकर शनिवार को पूरे शहर में तनाव फैल गया। आरोप है कि शुक्रवार की रात देवदीप चटर्जी अपनी पत्नी और बच्चे के साथ घर लौट रहे थे। उसी समय अपार्टमेंट के गेट के सामने अचानक कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। पत्नी और बच्चे के सामने ही देवदीप चटर्जी पर जानलेवा हमला किया गया। जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आसनसोल उत्तर से कांग्रेस उम्मीदवार प्रसेनजीत पुईतुंडी और कांग्रेस नेता शाह आलम ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस नेतृत्व का दावा है कि शुक्रवार रात देवदीप पर जानलेवा हमला किया, जिससे उनके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोटें आईं और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आसनसोल दक्षिण पुलिस फाड़ी के सामने शव रखकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, वे धरना समाप्त नहीं करेंगे।
दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए खारिज कर दिया है। तृणमूल के वरिष्ठ नेता और राज्य सचिव वी. शिवदासन दासु ने कहा कि केवल राजनीतिक मतभेद के कारण किसी की हत्या की बात अविश्वसनीय लगती है। उन्होंने तर्क दिया कि वर्तमान में राज्य की कानून व्यवस्था चुनाव आयोग के अधीन है, ऐसे में पुलिस पर तृणमूल का प्रभाव होने का आरोप गलत है। दासु ने कांग्रेस पर इस दुखद मृत्यु पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे। अभी तक इस मामले में आधिकारिक प्राथमिकी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।



0 Comments