आसनसोल :- आसनसोल के सेनरेले इलाके में कांग्रेस कार्यकर्ता देवदीप चटर्जी की मौत के बाद राज्य में राजनीतिक पारा चढ़ गया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस घटना को लेकर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए आरोप लगाया कि बंगाल में 'गुंडाराज' चल रहा है और डराना-धमकाना व हत्या करना तृणमूल के चरित्र का हिस्सा बन गया है। उन्होंने दावा किया कि देवदीप की हत्या टीएमसी समर्थित गुंडों ने की है। राहुल गांधी ने दोषियों को कड़ी सजा देने, मृतक के परिवार को सुरक्षा प्रदान करने और उन्हें आर्थिक सहायता देने की मांग की है। कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव के बाद की हिंसा के तहत देवदीप को घर लौटते समय घेरकर पीट-पीटकर मार डाला गया।
हालांकि, पुलिस ने इस मामले में राजनीतिक हिंसा के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। चुनाव आयोग को भेजी गई रिपोर्ट में पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह हत्या किसी राजनीतिक टकराव का नतीजा नहीं, बल्कि निजी विवाद के कारण हुई है। सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार रात देवदीप अपने परिवार के साथ घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में गाड़ी पार्किंग को लेकर कुछ युवकों के साथ उनकी बहस हो गई। इसके बाद एक बाइक सवार के साथ भी उनकी झड़प हुई। आरोपियों ने उनके घर तक पीछा किया और उनके साथ मारपीट की, जिससे वे अचेत हो गए। अगले दिन अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस के डीसी (सेंट्रल) ध्रुव दास ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए लोगों का किसी भी राजनीतिक दल से सीधा संबंध नहीं मिला है।


0 Comments