Asansol में अनियंत्रित बस की चपेट में आने से कई घायल, बस में तोड़फोड़


आसनसोल :- आसनसोल के रेलपार इलाके में एक तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से सात वर्षीय बच्ची समेत कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब इलाके में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार मलय घटक के समर्थन में आयोजित एक चुनावी कार्यक्रम समाप्त ही हुआ था। चश्मदीदों के मुताबिक, 'पश्चिम बंगाल पुलिस' लिखी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर कब्रिस्तान की दीवार तोड़ते हुए दुकानों, ऑटो और टोटो से टकरा गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। 


आरोप है कि बस चला रहा ड्राइवर नशे की हालत में था। आक्रोशित भीड़ ने बस में तोड़फोड़ की और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और केंद्रीय बलों की टुकड़ियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। स्वयं तृणमूल प्रत्याशी मलय घटक ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया। फिलहाल पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि यह घटना केवल लापरवाही का परिणाम है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। घायलों का उपचार जारी है।

Post a Comment

0 Comments