पांडवेश्वर में BJP प्रत्याशी जितेंद्र तिवारी के समर्थन में असम के CM हिमंत बिस्वा सरमा का मेगा रोड शो


पांडवेश्वर :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के प्रचार के अंतिम दौर में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार को पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी जितेंद्र तिवारी के समर्थन में एक विशाल रोड शो किया। दुर्गापुर-फरीदपुर ब्लॉक के गौरबाजार इलाके में आयोजित इस शक्ति प्रदर्शन में भारी जनसैलाब उमड़ा। खुली गाड़ी में सवार होकर सरमा ने जनता का अभिवादन स्वीकार किया और मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी जितेंद्र तिवारी को जिताने की अपील की।

मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने 'नारी शक्ति बिल' के मुद्दे पर ममता बनर्जी को घेरते हुए कहा कि एक महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद उन्होंने महिला सशक्तिकरण के इस महत्वपूर्ण कदम का विरोध किया, जिसका जवाब बंगाल की महिलाएं मतदान से देंगी। इसके अलावा, उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर कड़ा प्रहार करते हुए अपराधियों को सीधी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि तृणमूल कांग्रेस के संरक्षण में पल रहे गुंडे या तो आत्मसमर्पण कर दें, अन्यथा चुनाव के बाद उनके खिलाफ कानून का सख्त शिकंजा कसा जाएगा। सरमा की इस आक्रामक मौजूदगी ने पांडवेश्वर के चुनावी माहौल को और अधिक गर्मा दिया है।

Post a Comment

0 Comments