दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच दुर्गापुर के कोकओवन थाना क्षेत्र में मंगलवार की आधी रात को भारी तनाव व्याप्त हो गया। भाजपा कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में बड़ी संख्या में पार्टी समर्थकों ने कोकओवन थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। स्थिति उस समय अनियंत्रित हो गई जब प्रदर्शनकारियों ने थाने के मुख्य गेट को धकेल कर भीतर घुसने की कोशिश की। माहौल बिगड़ता देख प्रशासन को स्थिति संभालने के लिए तुरंत केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों को मैदान में उतारना पड़ा।
इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत रविवार रात बांकुड़ा मोड़ के पास तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुए संघर्ष से हुई थी। मामूली कहासुनी से शुरू हुए इस विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था, जिसमें दोनों पक्षों के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे और फिलहाल दुर्गापुर अनुमंडल अस्पताल में उपचाराधीन हैं। पुलिस ने इस मामले की जांच करते हुए मंगलवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया, जिसके बाद भाजपा का गुस्सा फूट पड़ा। अपने कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग को लेकर दुर्गापुर पश्चिम से भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मण चंद्र घोड़ुई के नेतृत्व में कार्यकर्ता थाने के सामने धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने मांग की कि असली दोषियों को गिरफ्तार किया जाए और निर्दोष भाजपा कार्यकर्ताओं को तुरंत रिहा किया जाए। जब कोकओवन थाने के अधिकारी विजय दलपति प्रदर्शनकारियों को समझाने पहुंचे, तो उन्हें भी भाजपा कार्यकर्ताओं के घेराव और भारी विरोध का सामना करना पड़ा। भाजपा युवा नेता पारिजात गांगुली के नेतृत्व में करीब दो घंटे तक थाने के मुख्य द्वार पर हंगामा चलता रहा। अंततः पुलिस के आश्वासन के बाद विरोध प्रदर्शन समाप्त हुआ, लेकिन लक्ष्मण चंद्र घोड़ुई ने चेतावनी दी है कि यदि मुख्य आरोपी टीएमसी नेताओं की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। वहीं, दूसरी ओर दुर्गापुर पश्चिम के टीएमसी उम्मीदवार कवि दत्त ने शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।





0 Comments