BJP नेता के घर हमले और धमकी मामले में TMC पार्षद गिरफ्तार

पूर्व बर्दवान :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से ठीक पहले पूर्व बर्दवान जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बर्दवान नगर पालिका के वार्ड नंबर 22 से तृणमूल कांग्रेस के पार्षद नाड़ूगोपाल भक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पार्षद पर भाजपा नेता के घर पर हमला करने और सार्वजनिक मंच से मतदाताओं व क्लबों को धमकाने का गंभीर आरोप है। जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात बर्दवान थाना पुलिस ने उनके आवास पर छापेमारी कर उन्हें हिरासत में लिया और सोमवार को अदालत में पेश किया।

विवाद की शुरुआत 24 मार्च को हुई थी, जब बालामहाट इलाके में भाजपा नेता महादेव माल के घर पर कथित तौर पर तृणमूल आश्रित बदमाशों ने हमला किया था। आरोप है कि भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करने और कार्यकर्ताओं के लिए भोजन का प्रबंध करने के कारण यह हमला हुआ। घटना के समय पार्षद ने पुलिस और केंद्रीय बलों के साथ उलझते हुए कहा था कि उनकी अनुमति के बिना पुलिस इलाके में प्रवेश नहीं कर सकती। हाल ही में एक चुनावी सभा में उन्होंने यह कहकर फिर विवाद खड़ा कर दिया कि शहर के क्लब उनके पैसे पर चलते हैं और 4 मई के बाद 'बेईमानी' करने वालों से हिसाब लिया जाएगा। तृणमूल ने इसे राजनीतिक साजिश बताया है, जबकि भाजपा ने पुलिसिया कार्रवाई का स्वागत किया है।

Post a Comment

0 Comments