आसनसोल में मृतक कांग्रेस कार्यकर्ता के परिजनों से मिले अधीर रंजन चौधरी

आसनसोल :- आसनसोल के सेनरेले रोड स्थित 'नव अनन्या कॉम्प्लेक्स' में कांग्रेस कार्यकर्ता देवदीप चटर्जी की नृशंस हत्या को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी आसनसोल पहुंचे, जहां उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान अधीर रंजन चौधरी ने परिजनों को ढांढस बंधाया और उन्हें हर संभव कानूनी मदद व न्याय दिलाने का पुरजोर भरोसा दिया। इस मौके पर उनके साथ आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी प्रोसेनजीत पूईटुंडी और शाह आलम सहित भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए अधीर रंजन चौधरी ने राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार और कानून-व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में विपक्षी कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। 


गौरतलब है कि 24 अप्रैल की रात देवदीप चटर्जी की हत्या के बाद से ही पूरे इलाके में भारी तनाव व्याप्त है। हालांकि पुलिस इस पूरी घटना को व्यक्तिगत विवाद का परिणाम बता रही है, लेकिन कांग्रेस इसे राजनीतिक साजिश करार देते हुए प्रदेश सरकार को कटघरे में खड़ा कर रही है। इस हत्याकांड की जांच की दिशा में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। देवदीप की पत्नी द्वारा दर्ज कराई गई लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में शुभोजित मंडल और रविउल आलम शामिल हैं, जिनके नाम प्राथमिकी में स्पष्ट रूप से दर्ज थे। रविवार को इन आरोपियों को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया। 

Post a Comment

0 Comments