दुर्गापुर में बसों की भारी किल्लत से भड़के मतदान कर्मियों ने किया प्रदर्शन

दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से ठीक पहले दुर्गापुर में परिवहन व्यवस्था की पोल खुल गई, जिसके कारण मंगलवार को सैकड़ों मतदान कर्मियों ने जमकर हंगामा किया। आसनसोल-दुर्गापुर औद्योगिक क्षेत्र से लगभग 4,781 मतदान कर्मियों को चुनाव ड्यूटी के लिए विभिन्न जिलों में रवाना किया जाना था। प्रशासन की योजना के मुताबिक मंगलवार सुबह इन कर्मियों को सिटी सेंटर बस स्टैंड से बसों के जरिए उनके गंतव्य तक भेजना था, लेकिन मौके पर पर्याप्त बसें न होने के कारण अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घंटों इंतजार करने के बाद जब कोई व्यवस्था नहीं हुई, तो आक्रोशित मतदान कर्मियों ने सिटी सेंटर बस स्टैंड के पास सड़क जाम कर दी और प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। मतदान कर्मियों का आरोप है कि चिलचिलाती धूप में वे सुबह से खड़े हैं, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी बसें उपलब्ध नहीं कराई गईं। प्रदर्शनकारियों ने यह चिंता भी जताई कि यदि वे समय पर अपने निर्धारित डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर (DCRC) नहीं पहुँच पाए, तो चुनावी प्रक्रिया में बाधा आ सकती है। इस विरोध प्रदर्शन के कारण इलाके में यातायात ठप हो गया और तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। हालांकि, सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त बसों का तत्काल प्रबंध करने का आश्वासन देकर कर्मियों को शांत कराने की कोशिश की। कर्मियों का कहना है कि इतने बड़े चुनाव के लिए प्रशासन को परिवहन की पुख्ता व्यवस्था पहले से ही सुनिश्चित करनी चाहिए थी।

Post a Comment

0 Comments