चुनाव आयोग इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर से कर रहा है पहले चरण के मतदान की हाई-टेक निगरानी


कोलकाता :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के दौरान नेताजी इंडोर स्टेडियम स्थित 'इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर' रणनीतिक केंद्र बना हुआ है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) मनोज अग्रवाल खुद यहाँ से राज्य भर की वोटिंग प्रक्रिया और मीडिया मॉनिटरिंग की कमान संभाल रहे हैं। स्टेडियम में स्थापित विशाल स्क्रीनों के जरिए हजारों संवेदनशील बूथों की लाइव वेबकास्टिंग की जा रही है, जिससे हर छोटी गतिविधि पर अधिकारियों की पैनी नजर है।


कहीं भी ईवीएम खराबी या सुरक्षा संबंधी चुनौती उत्पन्न होते ही यहाँ मौजूद आईटी विशेषज्ञ और पर्यवेक्षक तुरंत एक्शन मोड में आकर जिला अधिकारियों को निर्देश भेज रहे हैं। तकनीक के इस व्यापक उपयोग का उद्देश्य मतदान की शुचिता बनाए रखना और मतदाताओं को भयमुक्त वातावरण प्रदान करना है। चुनाव आयोग की यह डिजिटल चौकसी शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। गुरुवार को पहले चरण के तहत पश्चिम बंगाल की 152 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान के लिए चुनाव आयोग के तरफ से केंद्र अर्ध सैनिक बल की लगभग 2400 कंपनियां तैनात की गई है। 

Post a Comment

0 Comments