कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पहले चरण के तहत 16 जिलों के 152 विधानसभा केन्द्रों में चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और लगभग 93 प्रतिशत वोट डाले गए जो देश के इतिहास में इतनी बड़ी संख्या में मतदान का एक नया रिकाॅर्ड कायम किया है। पहले चरण के मतदान संपन्न होने के बाद सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस और प्रधान विरोधी दल बीजेपी अपने-अपने बड़ी जीत के दावे कर रहे है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह समेत तमाम बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व का यही दावा है कि पहले चरण के तहत हुए मतदान में बीजेपी को 110 सीटे मिलेंगी। वहीं तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमों एवं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सांसद अभिषेक बनर्जी ने दावा किया है कि चैथी बार तृणमूल कांग्रेस की ही सरकार बन रही है और अभिषेक बनर्जी ने इतना तक दावा कर दिया कि पहले चरण में 100 से अधिक सीटे आ रही है। इतना ही नहीं बीजेपी को पहले से भी कम सीटे आएंगी। इन दावे और पाल्टे दावे के बीच 29 अप्रैल यानी बुधवार को दूसरे चरण के तहत बाकी बचे 142 विधानसभा केन्द्र में मतदान होने जा रहा है। इसके पश्चात 4 मई को मतगणना होगी। चुनावी प्रक्रिया के बीच अबीर विक्रेताओं की उलझने बढ़ती जा रही है। कौन सा अबीर स्टाॅक में रखे, उन्हें कुछ भी समझ में नहीं आ रहा है। क्योंकि बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस दोनो ही सरकार बनाने का दावा कर रही है। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन बैरकपुर में प्रधानमंत्री चुनावी सभा को संबंधित करते हुए इतना तक कह दिया कि अगली सरकार बीजेपी की बन रही है और शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए वो पुनः पश्चिम बंगाल में आएंगे। अब बड़े-बड़े नेता अपने-अपने जीत के ठोस दावे कर रहे है तो अबीर विक्रेताओं की उलझने बढ़ना आम बात है। वैसे अबीर विक्रेताओं ने गुप्त रुप में बताया कि इसबार हरा अबीर से ज्यादा गेरुआ अबीर की मांग बढ रही है। कितने लोगो ने गेरुआ अबीर के लिए एडवांस भी दे रखा है। वैसे तो हम अबीर विक्रेता ज्यादातर चुनाव के दौरान पहले लाल रखते थे और अब हरा अबीर ही रखते है। परन्तु इसबार जिस तरह से हमारे पास एडवांस बुकिंग आ रही है, ऐसे में अपने पास रिस्क लेने के सिवाय और कोई दूसरा विकल्प नहीं है। हरा अबीर की तुलना गेरुआ अबीर की मांग बढ़ रही है। अबीर विक्रेताओं ने कहा कि गेरुआ अबीर की खरीदारी भी अन्य चुनाव की तुलना में ज्यादा की गयी है। सूत्रों का यह भी कहना है कि बड़े पैमाने पर अबीर के व्यापार करने वाले इसबार हरा से ज्यादा गेरुआ अबीर की खरीदारी पर रिक्स ले रही है। किस रंग के अबीर की कितनी विक्री होती है तो इसका अंतिम फैसला तो 4 मई को सामने आ ही जाएगा और तब तक हमारी उलझने बनी रहेगी।

0 Comments