अंतिम चरण के मतदान से पहले 'सिंघम' बनाम 'पुष्पा' की जंग, पुलिस ऑब्जर्वर की गाड़ी के सामने प्रदर्शन

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल के दूसरे चरण के मतदान से पहले दक्षिण 24 परगना के फलता में जबरदस्त राजनीतिक ड्रामा देखने को मिला। उत्तर प्रदेश के चर्चित 'एनकाउंटर स्पेशलिस्ट' और पुलिस ऑब्जर्वर IPS अजय पाल शर्मा, जिन्हें उनके कड़े अंदाज के लिए 'सिंघम' कहा जा रहा है, मंगलवार को दोबारा तृणमूल प्रत्याशी जहांगीर खान के इलाके में पहुंचे। वहां TMC कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेरकर 'गो बैक' और 'जय बांग्ला' के नारे लगाए, जिससे चुनाव आयोग की गाड़ियों का काफिला काफी देर तक फंसा रहा। 


इस टकराव के बीच जहांगीर खान ने फिल्मी अंदाज में चुनौती देते हुए कहा कि हमें डराकर चुप नहीं कराया जा सकता, हम 'पुष्पा राज' हैं, झुकेंगे नहीं। जहांगीर ने 2011 बैच के IPS अधिकारी अजय पाल शर्मा को तवज्जो न देते हुए कहा कि उन्होंने फिल्मों में कई एनकाउंटर स्पेशलिस्ट देखे हैं, लेकिन वे जनता की अदालत में विश्वास रखते हैं। दरअसल, सोमवार को पुलिस पर्यवेक्षक अजय पाल शर्मा ने जहांगीर के घर जाकर परिजनों को चेतावनी दी थी और उपद्रवियों को 'रोने' के लिए तैयार रहने का कड़ा संदेश दिया था। चुनाव से पहले सिंघम और पुष्पा के बीच का यह जुबानी और मैदानी मुकाबला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

डेढ़ सौ से अधिक एनकाउंटर करने के कारण 'यूपी के सिंघम' और 'एनकाउंटर स्पेशलिस्ट' के नाम से मशहूर आईपीएस अजय पाल शर्मा वर्तमान में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। अजय पाल शर्मा उत्तर प्रदेश कैडर के 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वे मूल रूप से पंजाब के रहने वाले हैं और अपनी पहली पोस्टिंग (सहारनपुर) से ही वे अपराधियों के खिलाफ अपनी सख्त कार्रवाई के लिए सुर्खियों में आ गए थे। उन्होंने उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों जैसे नोएडा, प्रयागराज और रामपुर में पुलिस अधीक्षक (SP/SSP) के रूप में काम किया है। अपराधियों में उनका खौफ इस कदर है कि उनके नाम से ही कई इनामी बदमाशों ने सरेंडर कर दिया था। चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और संवेदनशील चरण के लिए उन्हें पुलिस ऑब्जर्वर के रूप में प्रतिनियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति विशेष रूप से डायमंड हार्बर और फलता जैसे राजनीतिक रूप से अशांत इलाकों में निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए की गई है।


Post a Comment

0 Comments