CM ममता बनर्जी के प्रस्तावक और TMC नेताओं के ठिकानों पर IT की रेड, मुख्यमंत्री ने BJP पर बोला हमला

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के शोर के बीच केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। शुक्रवार को आयकर विभाग (IT) ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी और भवानीपुर से उनके प्रस्तावक मिराज शाह के एल्गिन रोड स्थित आवास पर छापेमारी की। मिराज शाह उन चार प्रमुख व्यक्तियों में शामिल थे, जिन्होंने ममता बनर्जी के नामांकन के समय 'सर्वधर्म सद्भाव' के संदेश के साथ उनका प्रस्ताव रखा था। इसके साथ ही, कालीघाट इलाके में TMC नेता और व्यवसायी कुमार साहा के घर पर भी सुबह से तलाशी जारी है, जहाँ सुरक्षा के लिए केंद्रीय बल तैनात हैं। इससे पहले शनिवार सुबह रासबिहारी से उम्मीदवार देबाशीष कुमार के घर और कार्यालय पर भी आयकर अधिकारियों ने दबिश दी थी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इन कार्रवाइयों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे भाजपा का "राजनीतिक प्रतिशोध" करार दिया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय प्रत्याशियों को प्रचार से रोकना उनके संवैधानिक अधिकारों का हनन है और वे इसके खिलाफ कानूनी कदम उठाएंगी। टीएमसी का आरोप है कि हार के डर से भाजपा एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।

Post a Comment

0 Comments