दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- दुर्गापुर में चुनावी माहौल के बीच भारी तनाव की खबर सामने आई है। दुर्गापुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के अमरावती भामबे कॉलोनी स्थित बूथ नंबर 104 पर सुबह से ही स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। बताया जा रहा है कि भाजपा के कैंप ऑफिस के पास कुछ तृणमूल कार्यकर्ताओं द्वारा महिलाओं को कथित तौर पर परेशान करने के बाद विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस छिड़ गई, जिसने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया और दोनों गुटों के बीच जमकर हाथापाई हुई।
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा उम्मीदवार चंद्रशेखर बनर्जी और तृणमूल नेता दीपांकर लाहा अपने-अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। भाजपा उम्मीदवार चंद्रशेखर बनर्जी ने पुलिस पर निष्क्रियता का गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि पुलिस की मौजूदगी में ही शराब की बोतलें फेंकी गईं। विरोध स्वरूप भाजपा उम्मीदवार अपने कार्यकर्ताओं के साथ कैंप के सामने धरने पर बैठ गए।
तनाव को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल और क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को मोर्चा संभालना पड़ा। एक ओर जहां भाजपा ने तृणमूल पर गुंडागर्दी और अशांति फैलाने का आरोप लगाया, वहीं तृणमूल नेतृत्व ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। तृणमूल का कहना है कि अपनी हार निश्चित जानकर भाजपा जानबूझकर इलाके का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रही है। फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।





0 Comments