दुर्गापुर :- चुनाव प्रक्रिया के बीच प्रशासनिक समन्वय की कमी के कारण बुधवार को दुर्गापुर के डीसीआरसी केंद्र पर जमकर हंगामा हुआ। चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए नोटिस के आधार पर भारी संख्या में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) केंद्र पर पहुंचे थे, लेकिन वहां आने के बाद उन्हें बताया गया कि फिलहाल उनके लिए कोई काम नहीं है। इस सूचना के मिलते ही बीएलओ का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने चुनाव आयोग के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के सामने ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारी बीएलओ का कहना था कि भीषण गर्मी के बावजूद उन्हें केंद्र पर बुलाया गया, लेकिन यहां न तो पीने के पानी की उचित व्यवस्था है और न ही वाहनों को अंदर आने दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी ठोस काम के उन्हें घंटों धूप में खड़ा रखकर परेशान किया गया है। स्थिति को बिगड़ता देख चुनाव आयोग के अधिकारियों ने माइकिंग के जरिए घोषणा की कि बीएलओ को गलती से बुलाया गया था। आयोग ने उन्हें तुरंत घर लौटने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी कर्मचारी सीधे गुरुवार सुबह अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचें। हालांकि, आयोग की इस 'गलती' को लेकर कर्मचारियों में भारी नाराजगी देखी गई।



0 Comments