दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से पूर्व बुधवार को दुर्गापुर के डीसीआरसी (डिस्ट्रीब्यूशन एंड रिसीवल सेंटर) केंद्रों पर भारी गहमागहमी देखी गई। मतदान केंद्रों के लिए रवाना होने से पहले प्रिजाइडिंग ऑफिसर और चुनाव कर्मी अपनी चुनावी किट लेने के लिए भारी संख्या में पहुंच रहे हैं। पश्चिम बर्दवान जिले में 9 विधानसभा सीटों पर चुनाव संपन्न कराने के लिए डीसीआरसी केंद्र दुर्गापुर सरकारी कॉलेज, रानीगंज और आसनसोल में बनाए गए हैं। बुधवार को पश्चिम बर्दवान के डीएम व निर्वाचन अधिकारी पोन्नमबलम एस. ने दुर्गापुर सरकारी कॉलेज स्थित केंद्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों का जायजा लिया। उनके साथ दुर्गापुर के उप-मंडल मजिस्ट्रेट और चुनाव आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि जिले में कुल 19 लाख 65 हजार 95 मतदाता हैं, जिनके लिए 2588 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए 5455 वेब कैमरे लगाए जाएंगे।
गौरतलब है कि DCRC से मतदान कर्मियों (Polling Officers) को ईवीएम (EVM), वीवीपैट (VVPAT) और अन्य चुनावी सामग्री देकर उनके निर्धारित बूथों के लिए रवाना किया जाता है। मतदान खत्म होने के बाद सभी चुनाव कर्मी इसी केंद्र पर वापस आते हैं और सील की गई ईवीएम तथा अन्य दस्तावेज जमा करवाते हैं। यहीं से फिर मशीनों को 'स्ट्रांग रूम' में ले जाया जाता है।




0 Comments