Durgapur में Strong Room के बाहर जमावड़े को लेकर BJP और TMC में ठनी


दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान संपन्न होने के बाद अब Strong Room की सुरक्षा और उसके बाहर राजनीतिक जमावड़े को लेकर सियासी घमासान शुरू हो गया है। दुर्गापुर सरकारी महाविद्यालय में बनाए गए दुर्गापुर पूर्व, पश्चिम और पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्रों के Strong Room के बाहर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति पर भाजपा ने कड़ा ऐतराज जताया है। भाजपा का आरोप है कि केंद्रीय बलों की कड़ी सुरक्षा के बावजूद टीएमसी के लोग देर रात महाविद्यालय के सामने मुख्य सड़क पर भारी संख्या में जमा हो रहे हैं और अशांति फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।


भाजपा के जिला प्रवक्ता सुमंत मंडल ने मीडिया को कुछ तस्वीरें साझा करते हुए दावा किया कि तृणमूल को अपनी हार का आभास हो गया है, इसलिए उनके कार्यकर्ता नशे की हालत में Strong Room के 100 मीटर के दायरे में भीड़ जुटा रहे हैं और आने-जाने वाली गाड़ियों को रोककर तनाव पैदा कर रहे हैं। दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस के जिला प्रवक्ता उज्ज्वल मुखोपाध्याय ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाहर मौजूद लोग अधिकृत कार्यकर्ता हैं जो Strong Room की निगरानी कर रहे हैं और उन सभी के पास वैध पहचान पत्र हैं। टीएमसी ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर भाजपा को कोई संदेह है, तो वह चुनाव आयोग से शिकायत कर सकती है। इस खींचतान के बीच कॉलेज परिसर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।


Post a Comment

0 Comments