Durgapur में चुनाव आयोग के निर्देश पर सख्त नाकेबंदी, बाइक सवारों की सघन जांच

दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से ठीक पहले चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए दुर्गापुर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। बुधवार को दुर्गापुर के भगत सिंह मोड़ से सरकारी कॉलेज जाने वाले मार्ग पर जवाहरलाल नेहरू रोड पर पुलिस और केंद्रीय वाहिनी के जवानों ने संयुक्त रूप से 'नाका तलाशी' अभियान चलाया। एसीपी ट्रैफिक (3) राजकुमार मालाकार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान विशेष रूप से बाइक सवारों पर कड़ी नजर रखी गई। जिन बाइकों पर दो लोग सवार थे, उन्हें रोककर गहन पूछताछ की गई और उनके पहचान पत्रों की जांच की गई।


चुनाव आयोग द्वारा जारी ताजा अधिसूचना के अनुसार, मतदान से दो दिन पहले और मतदान के दिन बाइक के उपयोग को लेकर सख्त नियम लागू किए गए हैं। आयोग के निर्देशानुसार, मतदान से दो दिन पूर्व से किसी भी प्रकार की बाइक रैली पर पूर्ण प्रतिबंध है। इसके साथ ही, मतदान से दो दिन पहले सुबह 6:00 बजे से शाम 6:00 बजे के बीच बाइक की पिछली सीट पर किसी भी यात्री (पिलर राइडर) के बैठने पर रोक लगाई गई है। केवल चिकित्सा आपातकाल, पारिवारिक समारोह या बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए ही इसमें छूट दी जा रही है। मतदान के दिन भी केवल वोट डालने जाने या आपातकालीन स्थिति में ही परिवार के सदस्य को पीछे बैठाने की अनुमति है।


एसीपी राजकुमार मालाकार ने मौके पर बताया कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह से चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सामान्य नागरिकों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जा रहा है; एम्बुलेंस, मरीजों को ले जा रहे वाहनों और स्कूल जाने वाले बच्चों की गाड़ियों को प्राथमिकता के आधार पर बिना किसी बाधा के जाने दिया जा रहा है। हालांकि, आयोग के नियमों का उल्लंघन करने वालों और संदिग्ध रूप से घूमने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है ताकि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराए जा सकें।

Post a Comment

0 Comments